योगी आदित्यनाथ का ऐलान: महिलाएं बनाएंगी कपड़े, पूरी दुनिया करेगी इस्तेमाल
वाराणसी में सिलाई मशीन व लैपटॉप वितरण के दौरान बोले सीएम – वस्त्र उद्योग देगा कृषि के बाद सबसे ज़्यादा रोजगार

जन एक्सप्रेस /वाराणसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को वाराणसी के श्री अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्य आश्रम महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को सिलाई मशीनें और छात्रों को लैपटॉप वितरित किए। इस मौके पर उन्होंने वस्त्र उद्योग के विकास और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
“कपड़ा बनाएंगी हमारी बहनें, पहनेगी पूरी दुनिया” – योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि वस्त्र उद्योग, कृषि के बाद देश में सबसे अधिक रोजगार देने वाला क्षेत्र है। इसमें महिलाओं के लिए विशाल अवसर हैं। “हमारी बहन-बेटियां अब कपड़े बनाएंगी, और दुनिया उन्हें पहनेगी,” उन्होंने कहा।
फ्लैटेड फैक्ट्री का मॉडल देगा नई उड़ान
योगी ने बताया कि राज्य सरकार फ्लैटेड फैक्ट्री की अवधारणा को बढ़ावा दे रही है, जिसके तहत एक ही भवन की विभिन्न मंजिलों पर फैक्ट्री, वर्कशॉप और शोरूम चलाए जा सकेंगे। इससे छोटे उद्यमियों और महिला समूहों को शहरी क्षेत्रों में भी व्यापार के बेहतर अवसर मिलेंगे।
हर जिले में बनेगा ‘संत कबीर पार्क’ – मिलेगा वस्त्र उद्योग से जुड़ा प्रशिक्षण और रोजगार
सीएम योगी ने यह भी घोषणा की कि प्रदेश के हर जिले में ‘संत कबीर पार्क’ बनाया जाएगा। ये पार्क वस्त्र उद्योग से जुड़ी हर तरह की सुविधाएं — प्रशिक्षण, उत्पादन, विपणन और स्टार्टअप सहयोग — एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराएंगे। युवाओं और महिलाओं को इसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम
कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं को सिलाई मशीनें प्रदान की गईं। सीएम ने इसे महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ठोस कदम बताया और कहा कि लघु एवं कुटीर उद्योग ही आत्मनिर्भर भारत की नींव हैं।






