उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा की पहली पाली, जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/जौनपुर:  उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 की प्रथम पाली की परीक्षा रविवार को जनपद में शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा जिले के 34 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जा रही है।

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने प्रथम पाली के दौरान वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय और मोहम्मद हसन कॉलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर बनाई गई सीसीटीवी व्यवस्था, कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा को संपूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपादित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही को अक्षम्य बताया।

उन्होंने कक्ष निरीक्षकों से कहा कि वे परीक्षा को सुचारू रूप से संचालित करने में पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी का परिचय दें।
परीक्षा की प्रथम पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक आयोजित की जा रही है।

इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button