दिल्ली में नकली ‘ENO’ फैक्ट्री का भंडाफोड़ — पेट की जलन का इलाज बना जानलेवा धंधा!
इब्राहिमपुर से दो गिरफ्तार, वेस्ट यूपी की बड़ी दवा मंडियों में सप्लाई होते थे नकली पाउच; ब्रांडेड नाम का सहारा लेकर हो रहा था करोड़ों का गोरखधंधा

जन एक्सप्रेस दिल्ली/लखनऊ: पुलिस ने राजधानी के इब्राहिमपुर इलाके में चल रही नकली ‘ENO’ बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में नकली पाउच, कच्चा माल और पैकिंग मशीनें बरामद की हैं। इस सिलसिले में फैक्ट्री संचालक संदीप जैन और उसका साथी जितेंद्र, दोनों निवासी सीतापुर (उत्तर प्रदेश), को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध धंधे में लिप्त थे। ये लोग सस्ते केमिकल्स से ‘ENO’ जैसे दिखने वाले पाउडर तैयार करते और बिल्कुल असली जैसे पैकेट में पैक कर वेस्ट यूपी की बड़ी दवा मंडियों में सप्लाई करते थे।जांच अधिकारियों के अनुसार, नकली पाउच पर कंपनी का लोगो, रंग और डिज़ाइन हूबहू असली जैसे बनाए जाते थे, जिससे आम उपभोक्ता को असली-नकली की पहचान करना मुश्किल हो जाता था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क के जरिए अब तक हजारों पाउच बाजार में उतारे जा चुके हैं।पुलिस अब सप्लाई चेन में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। वहीं, खाद्य एवं औषधि विभाग को भी इस मामले की जानकारी दी गई है ताकि नकली उत्पादों की पहचान कर बाजार से हटाया जा सके।






