उत्तर प्रदेशराज्य खबरें

हाथरस में भीषण सड़क हादसा: रोडवेज बस और दूध के टैंकर की आमने-सामने टक्कर, दो मासूमों की दर्दनाक मौत

एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल, पुलिस ने तुरंत शुरू कराया राहत-बचाव अभियान

जन एक्सप्रेस/ हाथरस: आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। थाना कोतवाली सासनी क्षेत्र के गांव समामाई के पास रोडवेज बस और दूध के टैंकर में आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में मौके पर ही दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

सूचना मिलते ही थाना सासनी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और मोड़ पर नियंत्रण खोने से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और टैंकर दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

फिलहाल पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के चलते हाईवे पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में बहाल कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button