उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

विद्यालय में धूमधाम से मना वार्षिकोत्सव

छात्र-छात्राओं ने विज्ञान प्रदर्शनी व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मोहा मन, अतिथियों ने बढ़ाया हौसला

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: पनियरा विकासखंड अंतर्गत इलाहाबाद स्थित सुभागी देवी इंटर कॉलेज एवं एस.डी.एस. विद्यापीठ में रविवार को वार्षिकोत्सव बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पनियरा ब्लॉक प्रमुख एवं प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश शुक्ल रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “शिक्षा ही सफलता की कुंजी है। मेहनती और समर्पित छात्र ही देश का भविष्य संवारते हैं।” उन्होंने बच्चों को निरंतर सीखते रहने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों ने कई नवीन और आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए, जिनमें एआई रोबोट, टेंपरेचर सेंसर फैन, रोबोटिक कार, चंद्रयान मॉडल, हार्ट बॉडी स्ट्रक्चर, वाटर डिस्पेंसर, सोलर पावर कार आदि प्रमुख रहे। इन मॉडलों ने आगंतुकों को आकर्षित किया और विद्यार्थियों की रचनात्मकता की झलक प्रस्तुत की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी बच्चों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कक्षा 9-बी की छात्राओं ने ओ री चिरैया अंगना में फिर आजा रे गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं कक्षा 1 के नन्हे बच्चों ने “ए जो केसरी के लाल” गीत पर सुंदर प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। देशभक्ति, लोक संस्कृति और सामाजिक संदेशों पर आधारित अन्य प्रस्तुतियों ने भी खूब तालियां बटोरीं।
इस अवसर पर सपा नेता अजय गुप्ता उर्फ लल्ला भैया और भाजपा युवा नेता आकाश गुप्ता ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के सचिव राकेश कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के आत्मविश्वास और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं।
इस मौके पर प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार गुप्ता, प्रधानाध्यापक अमरनाथ वर्मा, सुनील कुमार सिंह, राजेश प्रताप सिंह, इंसान अली, अरविंद पांडेय, जयनाथ सिंह, डी.एन. गुप्ता समेत विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button