आईजीआरएस रिपोर्ट में महराजगंज पुलिस नंबर वन
जनपद के 17 थानों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बढ़ाया जिले का मान, लगातार नौवीं बार प्रथम स्थान पर रही महराजगंज पुलिस

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) की नवीनतम प्रदेश स्तरीय रिपोर्ट में महराजगंज पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता, जवाबदेही और जनसेवा के प्रति समर्पण का शानदार उदाहरण पेश किया है। रिपोर्ट में महराजगंज जनपद ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यही नहीं, जिले के 17 थानों ने भी उत्कृष्ट श्रेणी में स्थान हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। यह उपलब्धि पुलिस प्रशासन के लिए गर्व का विषय होने के साथ-साथ जिले की जनता के विश्वास और संतोष का प्रतीक भी है।
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने बताया कि आईजीआरएस प्रणाली के तहत आमजन की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। महराजगंज पुलिस ने शिकायतों का समयबद्ध समाधान कर जनता का भरोसा मजबूत किया है। इसी के परिणामस्वरूप जनपद पुलिस इस वर्ष लगातार नौवीं बार प्रदेश में प्रथम स्थान पर रही है। एसपी मीना ने कहा कि प्रत्येक थाना स्तर पर शिकायतों की सतत निगरानी, अधिकारियों की जवाबदेही और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग से यह उल्लेखनीय सफलता संभव हुई है। शिकायतों के निस्तारण में देरी बर्दाश्त नहीं की जाती और हर अधिकारी से जवाबदेही तय की जाती है। उन्होंने इस उपलब्धि पर समस्त पुलिसकर्मियों, निरीक्षकों और अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरी पुलिस टीम की एकजुटता, अनुशासन, निष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। एसपी मीना ने आगे कहा कि महराजगंज पुलिस भविष्य में भी जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान, अपराध नियंत्रण और बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत रहेगी। उनका लक्ष्य है कि हर नागरिक खुद को सुरक्षित, सम्मानित और सुना हुआ महसूस करे।






