उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

भाजपा जिलाध्यक्ष बदलाव : पुष्पराज सिंह ने अजीत प्रजापति को कार्यभार सौंपा, जिलेभर में ढोल-नगाड़ों संग हुआ भव्य स्वागत

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जिले की राजनीति में बुधवार का दिन भाजपा के लिए बेहद खास रहा। संगठन के शीर्ष नेतृत्व द्वारा घोषित नए जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने आधिकारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया। भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित सादगीपूर्ण लेकिन प्रभावशाली कार्यक्रम में वर्तमान जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष प्रजापति का स्वागत किया, उन्हें अंगवस्त्रम पहनाया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाओं के साथ कार्यभार सौंपा।

कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पराज सिंह के कार्यकाल की सराहना की और अजीत प्रजापति के नेतृत्व में संगठन की मजबूती और विस्तार की उम्मीद जताई। जैसे ही प्रजापति ने पदभार संभाला, पूरे परिसर में तालियों और जयकारों की गूंज सुनाई देने लगी।

जिलेभर में उत्सव जैसा माहौल, कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह

नए जिलाध्यक्ष के प्रथम आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखते ही बन रहा था। सूरापुर, पट्टी नरेंद्रपुर, रुदौली, बक्सा, बदलापुर समेत जिले के सैकड़ों स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। विभिन्न मंडलों और शक्ति केंद्रों के कार्यकर्ता सुबह से ही सड़क किनारे खड़े होकर उनके स्वागत की तैयारी में जुटे रहे।

अजीत प्रजापति के वाहन के पहुंचते ही युवाओं ने “भारतीय जनता पार्टी ज़िंदाबाद” और “अजीत प्रजापति जी आगे बढ़ो, हम आपके साथ हैं” के नारे लगाए। जगह-जगह पुष्पवर्षा, मिठाई वितरण और स्वागत गीतों ने पूरे वातावरण को उत्सवी रंग से भर दिया। भाजपा के स्थानीय नेताओं का कहना था कि इतने बड़े स्तर पर स्वागत कार्यक्रम लंबे समय बाद देखने को मिला है।

संघ पृष्ठभूमि और जमीन से जुड़े नेता

अजीत प्रजापति का चयन भाजपा के संगठनात्मक ढांचे और राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। लंबे समय तक आरएसएस में सक्रिय रहने के बाद भाजपा संगठन में उन्होंने जिला मंत्री, जिला उपाध्यक्ष और विभिन्न दायित्वों पर काम किया। दो कार्यकाल तक वह उत्तर प्रदेश माटी कला बोर्ड के सदस्य भी रहे।

उनकी साफ-सुथरी छवि, कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ और सांगठनिक अनुशासन ने उन्हें जिला नेतृत्व की पहली पसंद बना दिया।

पुष्पराज सिंह ने दिए आगे बढ़ने के शुभ संदेश

कार्यभार सौंपते समय पुष्पराज सिंह ने कहा—
“भाजपा में पद नहीं, जिम्मेदारी बड़ी होती है। संगठन निरंतर आगे बढ़े, यही हमारी सोच है। मुझे विश्वास है कि अजीत प्रजापति जी जिले में संगठन को नई दिशा देंगे।”

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे नए जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में एकजुट रहकर बूथ स्तर तक भाजपा को मजबूती प्रदान करें।

 

“कार्यकर्ताओं का सम्मान और संगठन की मजबूती मेरी प्राथमिकता” — अजीत प्रजापति

पदभार ग्रहण करते ही अजीत प्रजापति ने कहा—
“यह सम्मान संगठन का है, मेरा नहीं। भाजपा की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाना, कार्यकर्ताओं को सम्मान देना और संगठन को बूथ से लेकर जिले के शीर्ष तक मजबूत करना ही मेरी पहली प्राथमिकता है।”

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से सहयोग की अपील करते हुए भरोसा जताया कि जौनपुर भाजपा आने वाले महीनों में एक नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगी।

जौनपुर भाजपा के लिए नया अध्याय

नए जिलाध्यक्ष के चयन और कार्यभार ग्रहण के साथ ही जौनपुर में भाजपा के संगठनात्मक समीकरणों में नई हलचल शुरू हो गई है। जिले की राजनीतिक फिज़ाओं में यह संदेश साफ है कि भाजपा आगामी चुनावी तैयारियों में संगठन को नए ढंग से गढ़ने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।

जिले के राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रजापति की नियुक्ति ओबीसी समीकरणों के साथ-साथ सांगठनिक मजबूती की दृष्टि से भाजपा के लिए बड़ा कदम साबित हो सकती है।

जौनपुर भाजपा अब नए नेतृत्व के साथ एक नई दिशा और नई गति की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button