जौनपुर में अवैध आरओ प्लांट्स के खिलाफ जनजागरण तेज, अनिश्चितकालीन धरना व जेल भरो आंदोलन की चेतावनी

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जिले में अवैध आरओ वाटर प्लांट्स के खिलाफ व्यापक जन जागरण अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर भूजल दोहन और जल प्रदूषण पर गंभीर चिंता जताई
लोगों ने आरोप लगाया कि सैकड़ों अवैध प्लांट्स द्वारा भूजल का अत्यधिक दोहन किया जा रहा है, जिससे मोहल्लों में पानी की किल्लत बढ़ती जा रही है। साथ ही, आरओ प्लांट्स से निकलने वाला जहरीला रिजेक्ट वाटर खेतों को नुकसान पहुँचा रहा है और नदियों का प्रदूषण बढ़ा रहा है।
अभियान के दौरान महिलाओं ने बताया कि उनके बच्चे प्रतिदिन दूषित पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। बुजुर्गों ने कहा कि पहले एक कुआं पूरे मोहल्ले की जरूरत पूरा कर देता था, पर अब हर घर तक पानी पहुंचाना मुश्किल होता जा रहा है। किसानों ने शिकायत की कि रिजेक्ट वाटर के कारण उनकी जमीन बंजर हो रही है और फसलें खराब हो रही हैं।
वहीं युवाओं ने कहा कि यदि अभी आवाज नहीं उठाई गई, तो आने वाली पीढ़ियां कैंसर, किडनी फेलियर और गंभीर जलजनित बीमारियों का सामना करेंगी
लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि अवैध प्लांट्स पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई, तो वे अनिश्चितकालीन धरना देने के साथ जेल भरो आंदोलन शुरू करेंगे।






