पत्नी के हत्यारे पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़: जिले की थाना कोतवाली नगर पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में पत्नी की हत्या के आरोप में फरार पति महज चौबीस घण्टे में हुआ गिरफ़्तार। शक ने वैवाहिक जीवन को बर्बाद करने के साथ ही मासूम बच्चों के सिर से माँ का साया छीन लिया।
गौरतलब हो कि बीते बुधवार को नगर कोतवाली थाना इलाके के स्टेशन रोड पर एक महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। सूचना पर पहुंची डायल-112 द्वारा जानकारी होते ही एसपी दीपक भूकर ने तत्काल मौके पर पहुँचक घटनास्थल का निरीक्षण किया था। उन्होंने घटना के शीघ्र अनावरण करने के साथ ही आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए निर्देशित किया था। फोरेंसिक टीम ने भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया था। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही घटना के बाद से फरार पति की तलाश कर रही थी। प्रारम्भिक पूछताछ में मृतका के पुत्र द्वारा यह बताया गया कि माता-पिता के बीच प्रायः विवाद होता रहता था। जिसके बाद पुलिस का शक और गहरा गया। मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी पति सन्तोष विश्वकर्मा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस सरगर्मी से उसकी तलाश कर रही थी। लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने मृतका के हत्यारोपी पति संतोष विश्वकर्मा पुत्र जगन्नाथ विश्वकर्मा को घटना में प्रयुक्त चाकू के साथ थाना इलाके के स्टेशन परिसर के ओवर पास के निकट से गुरुवार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह पत्नी के आचरण पर शंका करता था इसी कारण उसने हत्या की घटना को अंजाम दिया। नगर कोतवाल सुभाष यादव ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।






