उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

महराजगंज में पीएम आवास योजना में बड़ा खेल! 4 अपात्रों को मिला आवास, प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी

शिकायतकर्ता के शिकायत पर डीएम के निर्देश पर हुई जांच में उजागर हुआ खेल

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में अनियमितताओं की शिकायत पर महराजगंज प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। ग्राम पंचायत हरखोड़ा में कथित धांधली की जांच में चार अपात्र व्यक्तियों को आवास स्वीकृति मिलने की पुष्टि होने पर महराजगंज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने ग्राम प्रधान अनीता को कारण-बताओ नोटिस जारी किया है। डीएम ने 15 दिनों के भीतर जिला पंचायतराज अधिकारी के माध्यम से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

शिकायत पर गठित हुई थी जांच टीम:
ग्राम निवासी मेराजुद्दीन और अन्य ग्रामीणों की लिखित शिकायत पर जिलाधिकारी ने जिला कृषि अधिकारी को जांच अधिकारी नामित किया था। जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि लाभार्थियों—सुमन वर्मा, अमरावती, त्रिभुवन और रमनी को योजना के पात्रता मानकों के विपरीत आवास आवंटित किए गए। इतना ही नहीं, इन चारों अपात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की सभी तीनों किश्तों की धनराशि भी जारी कर दी गई थी।

भौतिक सत्यापन के बाद भी जारी हुई किश्तें:
जांच में यह भी सामने आया कि लाभार्थियों के चयन के लिए ग्राम प्रधान अनीता की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत की बैठक आयोजित की गई थी। सचिव द्वारा पात्रता का भौतिक सत्यापन, रजिस्ट्रेशन और जियो-टैगिंग की औपचारिकता पूरी करने के बाद प्रथम किश्त निर्गत कराई गई। हालांकि जांच अधिकारी ने इन प्रक्रियाओं में गंभीर लापरवाही और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि की है।

डीएम का सख्त रुख, कार्रवाई की तैयारी:
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा जारी नोटिस में ग्राम प्रधान से “एक पक्ष” के भीतर जवाब देने को कहा गया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी है। मामले को लेकर गांव में भी खासा तनाव और नाराज़गी देखी जा रही है, क्योंकि स्थानीय लोग लंबे समय से योजना में अनियमितता का आरोप लगाते रहे हैं। वही जिला प्रशासन के इस कदम को ग्रामीणों की शिकायत पर त्वरित और कठोर कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। अब सबकी नजर ग्राम प्रधान के जवाब और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button