बीरमपुर गांव में रास्ते की समस्या को लेकर सीएम से मिलेंगे जगद्गुरु
आजादी के सात दशक बाद भी गांव में नहीं है रास्ता

जन एक्सप्रेस/खुटहन: जौनपुर अयोध्या के तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने कहा कि आजादी के सत्तर साल से अधिक बीत जाने के बाद भी यदि गांव में रास्ता नहीं है तो यह नौकरशाहों और राजनेताओं की घोर लापरवाही को द्योतक है। इस समस्या को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत कर निराकरण का हर संभव प्रयास मैं स्वयं करूंगा।
जगद्गुरु गुरुवार को अपने शिष्यों के आग्रह पर पूरे लावलस्कर के साथ बीरमपुर गांव आये थे। जहां चक मार्गो व बस्ती में जाने का कोई रास्ता न होने से वे अपने वाहन को छोड़ पैदल ही गांव पहुंचे। इस समस्या को लेकर उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत भी किया। गांव वालों ने बताया कि इस गांव के पांच दर्जन से अधिक लोग सेना में रहकर पूरे देश की सुरक्षा कर रहे हैं। जगद्गुरु ने गांव की पगडंडी पर खड़े होकर समस्या को उजागर करते मोबाइल मे एक वीडियो भी बनाया है। जो इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में वायरल हो रहा है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि इस समस्या को लेकर पहले वे जिले के डीएम से बात करेंगे। निदान नहीं हुआ तो इसको लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट करेंगे।






