उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

शीतलहर में प्रशासन का मानवीय चेहरा, तहसील दिवस में जिलाधिकारी ने जरूरतमंदों को बांटे कंबल

जन एक्सप्रेस /जौनपुर: जौनपुर बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए शासन के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने शुक्रवार को तहसील केराकत में आयोजित तहसील दिवस के दौरान जनसुनवाई के पश्चात जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए और ठंड से बचाव के लिए किए जा रहे इंतजामों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि शीतलहर से बचाव के लिए जनपद में स्थानीय स्तर पर अलाव जलाने, कंबल वितरण एवं अस्थायी रैन बसेरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि कोई भी जरूरतमंद खुले आसमान के नीचे ठंड में रहने को मजबूर न हो, यह जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रैन बसेरों में साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा एवं नियमित रूप से अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वहां ठहरने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक रूप से ठंड में घर से बाहर न निकलें। अत्यंत आवश्यक होने पर ही बाहर जाएं और उचित ऊनी कपड़े पहनें। बाहर निकलते समय सिर, चेहरा, हाथ एवं पैरों को अच्छी तरह ढककर रखें। उन्होंने ठंड से बचाव के लिए गर्म पेय पदार्थों एवं पौष्टिक आहार के सेवन की भी सलाह दी।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर राहत कार्यों को और तेज किया जाएगा, ताकि शीतलहर के दौरान किसी भी व्यक्ति को परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button