उत्तरकाशीउत्तराखंड

हसील स्तर पर कार्यरत पत्रकारों को दी जायेगी मान्यता- तिवारी

पत्रकारों से वार्ता करते डीजी सूचना ने बताई देवभूमि रजत उत्सव की रूपरेखा

जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी: महानिदेशक सूचना वंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रेस मान्यता अब तहसील स्तर पर दिए जाने के लिए कार्य किया जा रहा है। इसके लिए नियमावली तैयार की जा रही है,जो अब अंतिम चरण में है। कहा कि तहसील स्तर पर मान्यता मिलने के बाद दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों को भी मान्यता का लाभ मिलेगा।एक दिवसीय दौरे पर उत्तरकाशी पहुंचे सूचना महानिदेशक वंशीधर तिवारी ने सोमवार सांय को पत्रकारों से वार्ता की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल्द सोशल मीडिया नियमावली को लागू किया जाएगा। कहा कि यह नियमावली पहले से ही उत्तर प्रदेश और राजस्थान में लागू है,जिसे अब प्रदेश में लागू करने की प्रक्रिया की जा रही है। नियमावली के लागू होने से सोशल मीडिया पर कार्यरत पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स को स्पष्ट दिशा-निर्देश मिलेंगे तथा उनके अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित होगा। महानिदेशक ने कहा कि सरकार की मंशा है कि पत्रकारों को सुविधाएं, सुरक्षा और सम्मान मिले तथा वे बिना किसी दबाव के निष्पक्ष पत्रकारिता कर सकें। इस दौरान उन्होंने उत्तरकाशी में अयोजित देव भूमि रजत उत्सव से जुड़ी जानकारियां भी साझा करते हुए कहा कि राज्य को 25 वर्ष पूर्ण हो चुके है। यहां की सभ्यता,संस्कृति और जो उत्तराखंड राज्य आंदोलन का इतिहास है और जिन्होंने राज्य आंदोलन में अपनी शहादत दी है उनके बारे में आने वाली पीढ़ी जागृत हो इस दिशा में स्कूलों के बच्चों और छात्राओं को रजत उत्सव से जोड़ा गया है। निबंध लेखन,चित्रकला और भाषण आदि प्रतियोगिताओं के माध्यम से उन्हें उत्तराखंड राज्य आंदोलन के इतिहास,उसकी पृष्ठभूमि और महत्व की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही प्रदेश सरकार की जनोपयोगी नीतियों और कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी जा रही है।उन्होंने कहा कि रजत उत्सव के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय बोली-भाषाओं,लोकगीतों और लोकनृत्यों के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। कहा कि शीतकालीन यात्रा यात्रा एवं देवभूमि रजत उत्सव जैसे आयोजनों के माध्यम से राज्य की विकास यात्रा,संस्कृति और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अहम है। बता दें कि इससे पूर्व गत रविवार को जिले के पत्रकारों ने पत्रकार संघ के अध्यक्ष सुनील थपलियाल के नेतृत्व में बैठक आयोजित की थी। जिसमें तहसील स्तर पर मान्यता दिए जाने व बीमा की बात कही थी। जिस पर उत्तरकाशी पहुंचे महानिदेशक सूचना वंशीधर तिवारी ने मोहर लगा दी है। पत्रकार संघ के महामंत्री सुरेन्द्र नौटियाल ने उन्हें तहसील स्तर के पत्रकारों को मान्यता दिए जाने की बात कही। जिन पर डीजी सूचना ने सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार और मीडिया के बीच समन्वय को और मजबूत किया जाएगा। प्रेस वार्ता में जिला सूचना अधिकारी कर्मवीर शर्मा,अति.जिला सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सहित जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button