ओडीओपी सुविधा केंद्र से महराजगंज बनेगा युवा रोजगार का हब
हाईटेक मशीनों से लैस CFC मॉडल से मिलेगा प्रशिक्षण, नौकरी और स्वरोजगार का अवसर

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: जिले के युवाओं के लिए अब रोजगार की तलाश में बाहर पलायन करने की मजबूरी खत्म होने वाली है। उत्तर प्रदेश सरकार की एक जनपद–एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत स्थापित सामान्य सुविधा केंद्र (CFC) महराजगंज में पूरी तरह तैयार हो चुका है। यह केंद्र युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार—तीनों का मजबूत प्लेटफॉर्म प्रदान करेगा। अधिकारियों द्वारा हाल ही में किए गए निरीक्षण में यहां लगी अत्याधुनिक मशीनों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि प्रदेश का हर युवा हुनरमंद बने और अपने जिले में ही आत्मनिर्भर रोजगार प्राप्त करे। इसी लक्ष्य के तहत CFC में युवाओं को मशीन ऑपरेशन, उत्पादन प्रक्रिया, फिनिशिंग और गुणवत्ता नियंत्रण का प्रशिक्षण दिया जाएगा। केंद्र में एयर कंप्रेसर, हाई स्पीड बीम सॉ, CNC राउटर, पैनल सॉ, हाइड्रोलिक कोल्ड प्रेस, मल्टी बोरिंग मशीन, ऑटो एज बैंडर, सर्वोकोन ट्रांसफार्मर और 160 केवीए जेनसेट सहित 10 प्रमुख आधुनिक मशीनें स्थापित की गई हैं, जो फर्नीचर एवं वुड-बेस्ड उद्योग को नई दिशा देंगी। इस संबंध में जिला उद्योग के उपायुक्त अभिषेक प्रियदर्शी ने जन एक्सप्रेस संवाददाता को बताया कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि हर जिले का युवा अपने ही जिले में रोजगार पाए। ओडीओपी केंद्र इस दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।
सीएफसी से बदलेगा उद्योग का परिदृश्य:
कॉमन फैसिलिटी सेंटर लकड़ी व फर्नीचर से जुड़े लगभग 30 UFC व्यापारियों के लिए लाभकारी साबित होगा। अब कटिंग, सीजनिंग, ड्राइंग और फिनिशिंग के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे लागत घटेगी और उत्पाद की गुणवत्ता बढ़ेगी। लगभग 2.28 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह केंद्र 5 एकड़ भूमि में स्थापित है। अधिकारियों के अनुसार, यह केंद्र जिले में रोजगार सृजन का मजबूत आधार बनेगा और युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करेगा।






