हाथरस: सिकंद्राराऊ में बांग्लादेशी हिंसा के खिलाफ उबाल, हिंदुओं पर हमलों के विरोध में पुतला दहन

जन एक्सप्रेस/हाथरस: सिकंद्राराऊ में गुरुवार को बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों और युवक दीपू चंद्र दास की मॉब लिंचिंग के विरोध में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और विभिन्न सनातनी संगठनों के आह्वान पर सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए।
प्रदर्शनकारियों ने ओम बाबा मंदिर से बस स्टैंड तक विशाल विरोध मार्च निकाला और बांग्लादेश सरकार व प्रधानमंत्री मोहम्मद यूनुस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मार्च के समापन पर बस स्टैंड पर बांग्लादेश का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि बांग्लादेश में हिंदुओं और उनके धार्मिक स्थलों पर हो रहे हमले तत्काल नहीं रुके, तो आंदोलन को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाया जाएगा।
स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान विहिप जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सक्सेना, व्यापारी वर्ग और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन नारों में आक्रोश साफ झलकता रहा।






