पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की हर्षोल्लास के साथ मनाई गई जयंती

जन एक्सप्रेस/ प्रतापगढ़: जिले में गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न, श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की 101वीं जन्म जयंती भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा जिले के सभी मंडलों में उल्लासपूर्वक मनाई गई। उसी क्रम में कोहड़ौर भाजपा मण्डल अध्यक्ष विद्यासागर शुक्ल ने पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान मण्डल अध्यक्ष विद्यासागर शुक्ल, नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद, प्रतिनिधि किशन सोनी के साथ ही वहां मौजूद लोगों ने बाजपेयी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में मण्डल अध्यक्ष ने अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके जीवन और कृतित्व से प्रत्येक नागरिक को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वाजपेयी जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र निर्माण, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को समर्पित रहा। इस दौरान अमित कुमार शुक्ल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारत के उन नेताओं में थे, जिनका व्यक्तित्व सत्ता से बड़ा और विचार दलों से ऊपर था। एक कुशल वक्ता के रूप में उनकी भाषा में कटुता नहीं, बल्कि तर्क, संवेदना और आत्मविश्वास झलकता था। संसद हो या जनसभा, उनकी वाणी विरोधियों को भी सुनने पर मजबूर कर देती थी। इस दौरान श्यामशंकर पाण्डेय, अमित शुक्ला, विद्याशंकर दूबे, राहुल सोनी, सुनील दत्त शुक्ल, संजय बारी व राजेश दूबे समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।






