उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़राज्य खबरें

एसपी ने आदेश कक्ष के सौंदर्यीकरण का किया उद्घाटन, विभागीय अभिलेखों की जांच

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़: जिले में शुक्रवार को एसपी दीपक भूकर ने पुलिस लाइन स्थित आदेश कक्ष के सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एसपी द्वारा नवनिर्मित एवं सौंदर्यीकृत आदेश कक्ष का अवलोकन किया गया तथा प्रशासनिक गतिविधियों को और अधिक सुव्यवस्थित, आधुनिक, प्रभावी एवं तकनीक-सुसज्जित बनाने की दिशा में किए गए कार्यों की सराहना की गई। एसपी ने कहा कि आदेश कक्ष किसी भी जनपद की पुलिस व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र होता है, जहाँ से प्रशासनिक नियंत्रण, दिशा-निर्देशन एवं समीक्षा कार्य संपादित किए जाते हैं। सौंदर्यीकरण एवं संरचनात्मक सुधार से न केवल कार्य-परिस्थितियाँ बेहतर होंगी, बल्कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यकुशलता, अनुशासन एवं समन्वय में भी सकारात्मक वृद्धि होगी। उद्घाटन के बाद एसपी दीपक भूकर ने पुलिस आदेश कक्ष में औपचारिक रिपोर्टिंग करते हुए विभागीय अभिलेखों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आदेश कक्ष को सदैव स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं सक्रिय रखा जाए, ताकि जनपद में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं प्रशासनिक समन्वय को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। इस दौरान एएसपी पश्चिमी बृजनन्दन राय, सीओ लाइन शिव नारायण वैस, प्रशिक्षु आईपीएस मो. आफताब आलम तथा प्रतिसार निरीक्षक राजीव कुमार राय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button