हाथरस में कड़ाके की ठंड का कहर: 12 घंटे में हार्ट अटैक से दो मौतें, अस्पतालों में मरीजों की भरमार

जन एक्सप्रेस/हाथरस: जिले में कड़की ठंड और शीतलहर का सीधा असर लोगों की सेहत पर देखने को मिल रहा है। बीते 12 घंटे में हार्ट अटैक से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सरकारी और निजी अस्पतालों में चेस्ट पेन और सांस की समस्या वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
जानकारी के मुताबिक, मृतकों में एक 85 वर्षीय बुजुर्ग और एक 65 वर्षीय व्यक्ति शामिल हैं, जिन्हें अचानक सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
जिला अस्पताल में हालात और भी चिंताजनक हैं, क्योंकि यहां हृदय रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं है। ऐसे में गंभीर मरीजों को इलाज के लिए बाहर रेफर किया जा रहा है।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राहुल चौधरी के अनुसार,
सुबह से ही अस्पताल में हार्ट अटैक और चेस्ट पेन के मरीज लगातार आ रहे हैं और ठंड के चलते बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।






