उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान बना जौनपुर के युवाओं की उम्मीद की नई किरण

₹5 लाख की सहायता से साकार हो रहे स्वरोजगार के सपने, आत्मनिर्भर बन रहे युवा

जन एक्सप्रेस /जौनपुर: उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना जनपद जौनपुर के शिक्षित युवाओं के लिए आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार का मजबूत आधार बनकर उभरी है। योजना के तहत प्राप्त ₹5 लाख तक की वित्तीय सहायता से युवा न केवल अपने व्यवसाय स्थापित कर रहे हैं, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और सेवाओं का भी विस्तार हो रहा है।

जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, जौनपुर के मार्गदर्शन में अनेक युवाओं ने अपने सपनों को हकीकत में बदला है और माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को धरातल पर साकार कर रहे हैं।

दुग्ध व्यवसाय से बनी पहचान

ग्राम व पोस्ट जमैथा निवासी प्रदीप पाल (आईटीआई, बीए) ने पारिवारिक आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद हिम्मत नहीं हारी। जिला उद्योग केन्द्र जौनपुर एवं उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा अहमदपुर के सहयोग से ₹5 लाख की सहायता प्राप्त कर उन्होंने दुग्ध उत्पाद व्यवसाय की शुरुआत की। आज वे क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले दुग्ध उत्पादों की आपूर्ति कर रहे हैं।

जेन्ट्स पार्लर से आत्मनिर्भरता की राह
ग्राम व पोस्ट नईगंज निवासी प्रिंस राज शर्मा (बीए) ने योजना का लाभ उठाकर जिला उद्योग केन्द्र एवं यूपी ग्रामीण बैंक शाखा पॉलिटेक्निक के माध्यम से जेन्ट्स पार्लर व्यवसाय स्थापित किया। वर्तमान में वे स्थानीय लोगों को सेवाएं प्रदान कर सफल स्वरोजगार का उदाहरण बने हैं।

डिजिटल लाइब्रेरी से शिक्षा को नई दिशा

ग्राम जर्रो, पोस्ट मल्हनी निवासी गौरव कुमार यादव (एमएससी, बीएड, बीटीसी) ने आर्थिक चुनौतियों के बावजूद हार नहीं मानी। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा मल्हनी के सहयोग से ₹5 लाख की सहायता प्राप्त कर उन्होंने शाहगंज क्षेत्र के लपरी चौराहा पर ‘यथार्थ डिजिटल लाइब्रेरी’ की स्थापना की, जिससे स्थानीय विद्यार्थी डिजिटल शिक्षा का लाभ उठा रहे हैं।

जन सेवा केन्द्र से बढ़ी सुविधाएं

बरसठी क्षेत्र के गोरा पट्टी में भागवत प्रसाद (एमए, बीएड, सीसीसी) ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा आलमगंज के सहयोग से ₹5 लाख की सहायता प्राप्त कर भागवत जन सेवा केन्द्र की स्थापना की। इस केन्द्र से न केवल उन्हें बल्कि स्थानीय नागरिकों को भी विभिन्न सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

युवाओं ने जताया आभार

योजना के सभी लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान को युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी के प्रति सादर आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button