बार्डर पर अवैध साखू लकड़ी के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: इंडो-नेपाल सीमा के ठूठीबारी में तैनात 22वीं वाहिनी एसएसबी के जवानों की स्पेशल टीम ने अवैध लकड़ी तस्करी के एक प्रयास को नाकाम कर दिया। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के भरवलिया चंदन नदी के बंधे के समीप नियमित गश्त के दौरान एसएसबी जवानों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए दो तस्करों को साखू लकड़ी के साथ गिरफ्तार किया है।
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों संदिग्ध व्यक्ति भारतीय सीमा के वन क्षेत्र से साखू की लकड़ी लेकर अवैध रूप से नेपाल राष्ट्र ले जाकर बेचने की फिराक में थे। हालांकि बार्डर पर नियमित गस्त के दौरान एसएसबी जवानों ने तस्करी विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दो बोटा साखू की लकड़ी व दो साइकिल के साथ दो कैरियरों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रामदरश चौहान पुत्र मोहर चौहान, निवासी ग्राम बोदना, थाना ठूठीबारी तथा देवी शरण यादव पुत्र जितई यादव, निवासी ग्राम बसंतपुर, थाना ठूठीबारी के रूप में हुई है। मामले में एसएसबी ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों एवं जब्त लकड़ी को आगे की विधिक कार्रवाई हेतु निचलौल वन्य जीव प्रभाग, निचलौल को सौंप दिया।
इस संबंध में बीओपी इंचार्ज शिवपूजन प्रसाद ने बताया कि सीमा क्षेत्र में तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एसएसबी की गश्त लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






