हाथरस में संदिग्ध परिस्थितियों में ग्रामीण की मौत, दो दिन से था लापता

जन एक्सप्रेस/हाथरस: सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खाती खाना में एक ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान नगला सिंघी निवासी 50 वर्षीय बछियो पुत्र शेर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दो दिन पहले घर से निकला, वापस नहीं लौटा
परिजनों के अनुसार बछियो दो दिन पहले सुबह अपने घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। वह गाटर पत्थर की दुकान पर मजदूरी का काम करता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
अज्ञात शव मिलने से हुआ खुलासा
पुलिस को खाती खाना क्षेत्र में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जब मृतक के परिजन तलाश करते हुए खाती खाना पहुंचे तो उन्हें शव मिलने की जानकारी हुई। इसके बाद वे पोस्टमार्टम गृह पहुंचे, जहां आज शव की पहचान की गई।
हार्ट अटैक से मौत की आशंका
मृतक के भाई ने बताया कि बछियो की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने आशंका जताई कि कड़ाके की सर्दी के कारण हार्ट अटैक से मौत हो सकती है। मृतक अविवाहित था।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।






