हाथरस : दलित बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या, घर के अंदर मिला शव

जन एक्सप्रेस/हाथरस: जनपद में दलित बुजुर्ग व्यक्ति की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात लोगों ने बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या कर दी। मृतक का शव उसके भतीजे के घर के अंदर पड़ा मिला।
घटना थाना कोतवाली हसायन क्षेत्र के अंडौली गांव की है। शव मिलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
गले और चेहरे पर मिले गंभीर चोट के निशान
पुलिस के अनुसार बुजुर्ग व्यक्ति के गले और चेहरे पर चोट के स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है। प्रथम दृष्टया मामला निर्मम हत्या का प्रतीत हो रहा है।
मौके पर पहुंचे एएसपी हाथरस
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ एएसपी हाथरस भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है और अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।






