गोमती पर बने नए पुल से बदली तस्वीर, डीएम ने किया निरीक्षण, आमजन को मिली बड़ी राहत

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: जौनपुर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने शुक्रवार को गोमती नदी पर प्यारेपुर से अलीगंज बाजार के निकट कलीचाबाद मार्ग पर नवनिर्मित पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। यह पुल कुल 211.88 मीटर लंबा है, जिसमें पहुंच मार्ग एवं अतिरिक्त पहुंच मार्ग शामिल हैं। पुल का निर्माण 2993.31 लाख रुपये की लागत से किया गया है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि पुल निर्माण कार्य वर्ष 2022 में प्रारंभ हुआ था। माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशों के क्रम में निर्माण में आ रही कमियों को दूर कराते हुए बीते एक वर्ष के भीतर कार्य को पूर्ण कराया गया, जिसे गत दिसंबर माह में आमजन के आवागमन के लिए खोल दिया गया है। पुल के चालू हो जाने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिली है।
डीएम ने कहा कि इस पुल के बन जाने से वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज तथा शहर की ओर आने-जाने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। यातायात सुगम होने से समय की बचत के साथ-साथ जाम की समस्या से भी निजात मिल रही है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने आमजनमानस से संवाद किया। ग्रामीणों ने बताया कि पुल के निर्माण से यातायात पहले की अपेक्षा काफी बेहतर हो गया है और अंतरजनपदीय कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। लोगों ने माननीय मुख्यमंत्री जी एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गरीब एवं असहाय लोगों को कंबल का वितरण भी किया।
इस मौके पर डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर जे.पी. गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






