मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा, डीएम ने बैंकों को दिए सख्त निर्देश

जन एक्सप्रेस जौनपुर: जौनपुर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंकों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वीकृत आवेदनों पर शीघ्र ऋण वितरण की प्रक्रिया पूरी की जाए।
जिलाधिकारी ने बैंकों में लंबित पड़े आवेदनों की जानकारी लेते हुए कहा कि जिन मामलों में दस्तावेज अपूर्ण हैं, उनके बारे में आवेदकों को तत्काल अवगत कराते हुए आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कराई जाएं, ताकि किसी भी पात्र युवा को अनावश्यक रूप से इंतजार न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान शासन की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है। ऐसे में सभी बैंक एवं उनकी शाखाएं सक्रिय सहभागिता निभाते हुए योजना को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी, प्रतिनिधिगण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






