पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, साथी समेत दो गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़: जिले की थाना कोतवाली नगर पुलिस और बदमाशों के बीच मंगलवार रात में हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में लगी गोली जबकि उसके साथी को पुलिस ने दौड़ाकर गिरफ्तार कर लिया। घायल अभियुक्त को पुलिस ने ईलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। बता दें कि बीते सोमवार को कोतवाली नगर इलाके के सदर चौराहा पर स्थित वी-टू मॉल के पास एक महिला से दिन में ही अज्ञात मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों द्वारा मोबाइल व पर्स छीन लिया गया। जिसके बाद महिला की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी दीपक भूकर द्वारा घटना के शीघ्र अनावरण एवं अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों द्वारा घटना स्थल से साक्ष्य संकलन, तकनीकी जानकारी व सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से अभियुक्तों की शिनाख्त एवं गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उसी क्रम में मंगलवार को एएसपी पूर्वी शैलेन्द लाल व सहायक पुलिस अधीक्षक ( सीओ सिटी ) प्रशान्त राज के पर्वेक्षण में कोतवाली नगर थाने की पुलिस गड़ी चकदइया कारीघाट के पास चेकिंग के दौरान सन्दिग्ध बाइक सवार को रोकने का इशारा किया तो दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दिया। जिसके बाद पुलिस टीम द्वारा की गई जबाबी फायरिंग में लूट के अभियोग से संबंधित एक शातिर अभियुक्त अभिषेक उर्फ दउवा के बायें पैर में गोली लगी और घायल हो गया जिसे इलाज हेतु जिला अस्पताल पहुंचाया गया साथ ही उसके साथी रंजीत सरोज उर्फ निरहू को पुलिस ने दौड़ाकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से छीना हुआ एक मोबाइल फोन, चोरी व लूट के अन्य मोबाइल फोन, एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, तीन जिन्दा कारतूस व घटना में प्रयुक्त एक मोटर साइकिल बरामद किया। पुलिस मुठभेड़ में घायल अभिषेक उर्फ दउवा एवं गिरफ्तार रंजीत सरोज उर्फ निरहू अंतू थाना इलाके के गड़ई पारा हमीदपुर के रहने वाले हैं।
एएसपी पूर्वी ने बताया कि कोतवाली नगर इलाके में पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ में एक बदमाश को गोली लगी जबकि उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों ने छिनैती की घटना को अंजाम दिया था। इनके कब्जे से मोबाइल व पर्स के साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है। इसके अलावां अन्य सामान भी बरामद किया गया है। इनके आपराधिक इतिहास खंगालने के साथ ही अन्य कार्रवाई की जा रही है।






