पुलिस अधीक्षक ने रिज़र्व पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड का किया निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर पुलिस अधीक्षक डॉ० कौस्तुभ द्वारा शुक्रवार को रिज़र्व पुलिस लाइन, जौनपुर में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ली गई। इसके पश्चात परेड का विधिवत निरीक्षण कर अनुशासन, एकरूपता एवं शारीरिक दक्षता का गहन परीक्षण किया गया। परेड के दौरान समस्त प्रशिक्षु आरक्षियों की शारीरिक एवं मानसिक फिटनेस को परखने के उद्देश्य से दौड़ कराई गई, वहीं अनुशासन एवं समन्वय बनाए रखने हेतु ड्रिल का अभ्यास भी कराया गया।
पुलिस अधीक्षक जौनपुर डॉ० कौस्तुभ ने परेड में सम्मिलित प्रशिक्षु आरक्षियों को साफ-सुथरी, स्वच्छ एवं नियमानुसार वर्दी धारण करने तथा बेहतर टर्नआउट बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा रिज़र्व पुलिस लाइन स्थित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शाखाओं के कार्यों, व्यवस्थाओं एवं अभिलेखों की बारीकी से समीक्षा की गई। तत्पश्चात आदेश कक्ष में उपस्थित कर्मचारियों का ओ.आर. किया गया, जिसमें उनकी समस्याओं को सुना गया तथा त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक जौनपुर डॉ० कौस्तुभ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जनपद की पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया।






