जौनपुर में कड़ाके की ठंड के बीच कंबल पाकर खिले दिव्यांगजनों के चेहरे
विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत दिव्यांगजनों को दी गई निर्वाचन संबंधी जानकारी

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर कड़ाके की ठंड के बीच जिला प्रशासन ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दिव्यांगजनों को राहत पहुंचाई। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने जनपद के गरीब, वंचित एवं बेसहारा लगभग 35 दिव्यांगजनों को ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरित किए। कंबल पाकर दिव्यांगजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार शीतलहर के दौरान गरीब, असहाय और दिव्यांगजनों के प्रति विशेष संवेदनशीलता बरतते हुए कंबल वितरण, अलाव सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि कोई भी जरूरतमंद ठंड से प्रभावित न हो।
कार्यक्रम के दौरान विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत दिव्यांगजनों को मतदान के अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग दिव्यांगजनों के मताधिकार को लेकर गंभीर एवं संवेदनशील है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी पात्र दिव्यांगजनों का नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज हो। उन्होंने जानकारी दी कि जिन दिव्यांगजनों का नाम अभी मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे प्रारूप-6 के माध्यम से जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड अथवा अन्य किसी वैध सरकारी दस्तावेज के साथ आवेदन कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर जिला निर्वाचन कार्यालय या उप जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं को मूक-बधिर दिव्यांगजनों को सांकेतिक भाषा के माध्यम से भी समझाया गया, जिससे वे आसानी से प्रक्रिया को समझ सकें। कंबल वितरण एवं जागरूकता कार्यक्रम से अभिभूत दिव्यांगजनों ने शासन द्वारा संचालित योजनाओं के लिए माननीय मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया तथा जिलाधिकारी को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानंद झा, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






