उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

ठूठीबारी में धोखे से दूसरी शादी करने पहुंचा नेपाली युवक, मंडप में खुला राज

नेपाल से आई बारात में मचा हड़कंप, शादी में हुए खर्च की भरपाई की मांग

जन एक्सप्रेस//महराजगंज: ठूठीबारी में धोखे से दूसरी शादी करने पहुंचे एक नेपाली युवक को उस समय भारी पड़ गया, जब शादी के दौरान ही उसका राज खुल गया। जानकारी होने पर लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हा और बारातियों को बंधक बना लिया और शादी में हुए खर्च की भरपाई की मांग करने लगे। घटना से इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पड़ोसी देश नेपाल के नवलपरासी जिले के सेमरी गांव निवासी पन्नालाल चौहान ने अपने पुत्र नीरज चौहान की शादी ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिपरा टोला कटरहियां निवासी रमेश चौहान की पुत्री से तय की थी। तय कार्यक्रम के अनुसार 4 फरवरी, बुधवार की रात नेपाल से सजी-धजी बारात पिपरा गांव पहुंची।

बताया जाता है कि शादी की रस्मों के दौरान लड़की पक्ष को जानकारी मिली कि दूल्हा पहले से शादीशुदा है और एक बच्चे का पिता भी है। इस बात से नाराज लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हा व बारातियों को जलपान और भोजन कराने के बाद बंधक बना लिया तथा विवाह में हुए खर्च की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस संबंध में ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी नवनीत नागर ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button