खुटहन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 35 लाख का 1 क्विंटल 40 किलो गांजा बरामद, अंतरजनपदीय गिरोह के 2 तस्कर गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना खुटहन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने अंतरजनपदीय गांजा तस्कर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 1 क्विंटल 40 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 35 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा एक अपाची मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 3500 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
चेकिंग के दौरान पकड़े गए संदिग्ध
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजीत सिंह चौहान के पर्यवेक्षण में थाना खुटहन पुलिस टीम सराय मोहिद्दीनपुर रोड पर चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान खुटहन से विशुनपुर की ओर जा रहे मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी में मिली बड़ी खेप
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना नाम पिन्टू निषाद पुत्र केशव निषाद और प्रमोद नाविक पुत्र कालूराम, निवासी रामनगर थाना खुटहन जनपद जौनपुर बताया। तलाशी लेने पर उनके पास से प्लास्टिक की बोरी में 8 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन लगभग 8 किलोग्राम पाया गया। साथ ही तीन मोबाइल फोन, अपाची मोटरसाइकिल और 3500 रुपये नकद बरामद किए गए।
कड़ाई से पूछताछ करने पर मुख्य अभियुक्त पिन्टू निषाद ने बताया कि उसके घर के बाहर करकट में भूसे के अंदर चार बड़े बोरों में और गांजा छिपाकर रखा गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने उसके घर पहुंचकर चार बोरियों एवं एक खुले बोरे से कुल 7 पैकेट गांजा बरामद किया। घर से बरामद गांजे का कुल वजन 1 कुंतल 32 किलोग्राम पाया गया। इस प्रकार कुल बरामदगी 1 क्विंटल 40 किलोग्राम रही।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना खुटहन में मु0अ0सं0 28/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस अभिलेख के अनुसार मुख्य अभियुक्त पिन्टू निषाद के खिलाफ वर्ष 2021 में थाना खुटहन पर धारा 376-डी, 427, 452, 504, 506 भादवि एवं 5G/6 पॉक्सो एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष रामाश्रय राय, उपनिरीक्षक प्रेमशंकर सिंह, उपनिरीक्षक रामजन्म प्रसाद तथा कांस्टेबल अजय यादव, आनंद कुमार, कुलदीप गोस्वामी, सोनू यादव, रणविजय यादव, संजय जायसवाल, सोनू निषाद, आकाश निषाद एवं महिला कांस्टेबल आशा गुप्ता शामिल रहे।
जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






