जौनपुर हादसा: गड्ढे में डूबने से 5 साल के मासूम की मौत, रामपुर क्षेत्र में शोक की लहर

जन एक्सप्रेस जौनपुर : जिले के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जदईपुर गोरा पट्टी गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां गड्ढे में डूबने से 5 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लापता होने के बाद चला तलाश अभियान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूफियान (5 वर्ष) पुत्र मुख्तार शाह रविवार शाम करीब 6 बजे घर से लापता हो गया था। परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन जब बच्चे का कोई पता नहीं चला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से देर रात तक बच्चे की तलाश की गई, लेकिन उस समय कोई सफलता नहीं मिली।
सुबह गड्ढे में मिला शव
सोमवार सुबह फिर से खोजबीन शुरू की गई। इसी दौरान घर से लगभग 100 मीटर दूरी पर बने एक सोख्ता (गड्ढे) में बच्चे का शव उतराया हुआ मिला। बताया जा रहा है कि गड्ढे में करीब 4 से 5 फीट तक पानी भरा हुआ था, जिसमें डूबने से उसकी मौत हो गई।
शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव का माहौल गमगीन हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी विनोद कुमार के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला खेलते समय गड्ढे में गिरने से डूबने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खुले पड़े गड्ढों को तत्काल भरवाया या सुरक्षित कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहा है।






