जौनपुर: ग्राम प्रधान पर ज़मीन कब्ज़ा और झोपड़ी में आग लगाने का आरोप, जेसीबी से खुदाई पर बवाल

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा जेठपूरा बिशुनपुर गुतवन में ज़मीन विवाद को लेकर बड़ा बवाल सामने आया है। इस मामले में ग्राम प्रधान पर ज़बरदस्ती ज़मीन कब्ज़ा करने और पीड़ित की झोपड़ी में आग लगवाने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
पीड़ित धर्मराज यादव ने आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान अनुराग सिंह ‘अन्नू’ और तुसार सिंह ने प्रशासन की मौजूदगी में उनकी ज़मीन पर जबरन कब्ज़ा करने की कोशिश की। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मौके पर जेसीबी मशीन से खुदाई की जा रही है, जिससे विवाद और बढ़ गया।
विवाद के दौरान पीड़ित की झोपड़ी (मड़ई) में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित पक्ष का दावा है कि यह आग ग्राम प्रधान के दबाव में लगवाई गई है।
घटना के समय पुलिस बल मौके पर मौजूद था, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन मूकदर्शक बना रहा। वीडियो में महिलाएं और पुरुष प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते और ग्राम प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि, पुलिसकर्मी आग बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करते नजर आए। पीड़ित परिवार का कहना है कि उनकी पुश्तैनी ज़मीन को प्रशासनिक दबाव में छीनने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल, घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पीड़ित ने मामले की उच्चस्तरीय जांच और न्याय की मांग की है।






