बेकाबू कार युवक को रौंदते हुए मन्दिर के बॉउंड्री वाल से टकराई

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़: जिले के कोहड़ौर थाना इलाके के अतरसण्ड गांव निवासी एक युवक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से गम्भीर रूप से हुआ घायल। मिली जानकारी के अनुसार कोहड़ौर थाना इलाके के अतरसण्ड गांव के समीप कोहड़ौर पट्टी मार्ग पर शुक्रवार देर शाम एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सड़क किनारे बने मन्दिर परिसर की बाउंड्री वाल को तोड़ते हुए क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान अतरसण्ड निवासी 32 वर्षीय सन्तोष पाल सड़क किनारे पैदल जा रहा था जो बेकाबू कार की चपेट में आ गया और गम्भीर रूप से घायल हो गया। परिजन सन्तोष को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोहड़ौर पहुंचे जहां उसकी हालत गम्भीर देख डॉक्टर देवेन्द्र सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं कार में सवार अरुण सरोज, कमलेश व उषा देवी भी चोटहिल हो गए। हादसे के बाद कार चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कोहड़ौर धनन्जय राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अन्य घायलों को सीएचसी कोहड़ौर भेजवाया। थाना प्रभारी धनन्जय राय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक गम्भीर रूप से घायल है जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग मामूली रूप से चोटिल हैं। कार को कब्जे में ले लिया गया है चालक की तलाश की जा रही है।






