जौनपुर: स्टे लगी जमीन पर निर्माण का आरोप, कृष्ण हार्ट केयर के डॉ हरेंद्र देव सिंह और मैनेजर पर सवाल

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जिले में स्थित कृष्ण हार्ट केयर को लेकर एक गंभीर विवाद सामने आया है। संस्था के संचालक डॉ० हरेंद्र देव सिंह और उनके मैनेजर गगनेंद्र सिंह पर स्टे लगी जमीन पर निर्माण कराने का आरोप लगा है।
यह आरोप लखनऊ हाईकोर्ट के अधिवक्ता अनुराग सिंह द्वारा लगाया गया है। उनका कहना है कि संबंधित भूमि पर 31 मई 2016 से 17 अप्रैल 2026 तक न्यायालय का स्टे आदेश प्रभावी है, इसके बावजूद निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
अधिवक्ता के अनुसार, न्यायालय के स्पष्ट निर्देशों की अनदेखी करते हुए निर्माण जारी रखना कानून की अवहेलना है और यह मामला न्यायालय की अवमानना के दायरे में आ सकता है।
उन्होंने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि तत्काल हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य को रोका जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
प्रशासनिक भूमिका पर उठे सवाल
इस मामले में स्थानीय प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। अधिवक्ता का कहना है कि यदि संबंधित पक्षों को स्टे आदेश की जानकारी है, तो फिर निर्माण कार्य कैसे जारी है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आवश्यकता पड़ने पर इस मामले को लेकर उच्च न्यायालय में अवमानना याचिका दायर की जाएगी।







