Maharajganj: होली–ईद को लेकर प्रशासन सतर्क, गैर परंपरागत जुलूसों पर रोक
शांति समिति की बैठक में प्रशासन का साफ संदेश—भाईचारे से मनाएं पर्व

जन एक्सप्रेस/ महराजगंज: आगामी होली और ईद सहित अन्य पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने की। इसमें विभिन्न समुदायों के प्रबुद्ध जनों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी आयोजक शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस, रूट चार्ट और समय-सारिणी का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करें। किसी भी दशा में गैर परंपरागत आयोजन या जुलूस की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस अथवा कार्यक्रम में शामिल होने वाले व्यक्तियों की पहचान पूर्व में सुनिश्चित कर ली जाए, क्योंकि किसी भी अप्रिय स्थिति में आयोजकों की पूर्ण जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व हमारी परंपरा और पहचान हैं, अतः इन्हें उसी गरिमा के साथ मनाया जाए। किसी भी समुदाय की भावना आहत करने वाला कार्य न किया जाए। सोशल मीडिया पर पुलिस एवं प्रशासन की कड़ी निगरानी रहेगी और आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। होलिका दहन सुरक्षित स्थलों पर स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।

अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और सीओ को थानों पर संयुक्त बैठक कर आमजन को आवश्यक दिशा-निर्देश देने को कहा। विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर विद्युत खंभों व तारों का सर्वे कर मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। जर्जर एवं लटकते तारों को तत्काल दुरुस्त करने को कहा गया। संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करने, होलिका स्थलों का भौतिक सत्यापन करने तथा प्रमुख स्थानों पर मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। साथ ही ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था सुदृढ़ रखने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने दोनों समुदायों से भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियम और अनुशासन का पालन आवश्यक है तथा किसी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। लाउडस्पीकर निर्धारित ध्वनि सीमा में ही बजाए जाएं और जुलूसों से अराजक तत्वों को दूर रखा जाए। किसी भी आशंका की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। उन्होंने बताया कि प्रत्येक 10 गांव पर एक मोबाइल टीम की तैनाती की गई है, जो किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करेगी। ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक से पूर्व दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। सभी ने आश्वस्त किया कि आगामी त्योहार परस्पर सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाए जाएंगे। बैठक का संचालन शमशुल हुदा ने किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, सभी एसडीएम, सीओ सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






