भोजपुरी फिल्मों में अश्लीलता के खिलाफ जौनपुर में विरोध

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर युवा यादव महासभा के जिलाध्यक्ष उमा राज यादव के नेतृत्व में सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात की और भोजपुरी फिल्मों में बढ़ती अश्लीलता तथा जाति विशेष को लक्षित कर बनाई जा रही फिल्मों के विरोध में मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।
सामाजिक सौहार्द बिगड़ने का अंदेशा
जिलाधिकारी कार्यालय पर मीडिया से बात करते हुए जिलाध्यक्ष उमा राज यादव ने कहा कि वर्तमान में कुछ फिल्म निर्माता और अभिनेता व्यावसायिक लाभ के लिए किसी विशेष जाति या समाज को केंद्र में रखकर फिल्में बना रहे हैं। उन्होंने कहा, “ऐसी फिल्मों से समाज में गलत संदेश जा रहा है और इससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा है। किसी भी जाति विशेष को निशाना बनाकर फिल्म बनाना पूरी तरह गलत है।
भोजपुरी सिनेमा में बढ़ती अश्लीलता पर चिंता
यादव ने पुरानी भोजपुरी फिल्मों का उदाहरण देते हुए कहा कि ‘नदिया के पार’ जैसी फिल्में पूरे परिवार के साथ बैठकर देखी जा सकती थीं। लेकिन आज की भोजपुरी फिल्मों में अश्लीलता इतनी बढ़ गई है कि उन्हें परिवार के साथ देखना असंभव हो गया है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि ऐसे फिल्म निर्माताओं और अभिनेताओं पर नकेल कसी जाए जो समाज की मर्यादा को ताक पर रख रहे हैं।






