:जौनपुरjaunpurउत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

होली से पहले जौनपुर में मिलावटखोरों पर शिकंजा, 93 प्रतिष्ठानों की जांच

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर आगामी होली पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों के भंडारण व बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उ.प्र., लखनऊ के आदेश एवं जिलाधिकारी के निर्देश के अनुपालन में 19 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।

सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय ने बताया कि 24 फरवरी को खाद्य सचल दल में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा जनपद जौनपुर के विभिन्न बाजारों में सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान 19 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच करते हुए खोया का 01 नमूना, कचरी का 01 नमूना एवं भैंस के दूध का 01 नमूना सहित कुल 03 नमूने संग्रहित कर जांच हेतु खाद्य विश्लेषक को प्रेषित किए गए। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व अन्य कमियों के चलते 06 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किया गया।

फूड सेफ्टी ऑन व्हील के जरिए मौके पर जांच

खाद्य कारोबारकर्ता एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील’ के माध्यम से जलालपुर चौराहा एवं सीतम सराय स्थित प्रतिष्ठानों पर भी जांच अभियान चलाया गया। यहां 28 खाद्य पदार्थों के नमूनों की मौके पर जांच कर रिपोर्ट से अवगत कराया गया। इस दौरान 18 खाद्य कारोबारकर्ताओं एवं 58 उपभोक्ताओं को जागरूक किया गया। मौके पर जांच में मानक के विपरीत पाए गए एक नमूने के सापेक्ष तत्काल विधिक कार्रवाई करते हुए भैंस के दूध का नमूना संग्रहित कर खाद्य विश्लेषक को भेजा गया।

अभियान में अब तक की कार्रवाई

19 फरवरी से 24 फरवरी 2026 तक जनपद के कुल 93 खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया जा चुका है। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 19 नमूने जांच हेतु भेजे गए हैं। साफ-सफाई व अन्य खामियों के चलते 24 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व तक यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और मिलावटखोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button