18 साल के युवाओं को वोटर बनने का संदेश, स्काउट्स-रोवर्स ने संभाली जागरूकता की कमान

जन एक्सप्रेस /जौनपुर: जौनपुर,जनपद में चल रहे स्वीप अभियान के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम को नई ऊर्जा मिली, जब स्काउट्स गाइड्स और रोवर्स रेंजर्स ने युवाओं को मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ०दिनेश चन्द्र के कुशल नेतृत्व में यह कार्यक्रम स्टेशन रोड स्थित राज कॉलेज मैदान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में रोवर्स रेंजर्स को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई कि वे 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं तथा जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उन्हें मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें।
विश्वविद्यालय रोवर्स रेंजर्स चीफ कमिश्नर एवं राजा कृष्ण दत्त महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शम्भू राम ने कहा कि 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी युवा अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने रोवर्स रेंजर्स से गांव-गांव और नगरीय क्षेत्रों में अभियान चलाकर पात्र नागरिकों को जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि जनपद के 125 महाविद्यालयों में रोवर्स रेंजर्स संचालित हैं, जिनके माध्यम से व्यापक स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं के रचनात्मक प्रयास लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मील का पत्थर साबित होंगे।
जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा ने मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए संबंधित बीएलओ से संपर्क करें या ECINET ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करें।
नए मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6
प्रवासी भारतीय मतदाताओं के लिए फॉर्म-6क
नाम हटाने/आपत्ति के लिए फॉर्म-7
निवास परिवर्तन/सुधार/दिव्यांग चिन्हांकन के लिए फॉर्म-8 भरकर आवेदन किया जा सकता है।
इस अवसर पर युवाओं को फॉर्म-6 और घोषणा पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में डीओसी डॉ. मनोज कुमार तिवारी, प्रबंधक डॉ. सत्यराम प्रजापति, ट्रेनिंग काउंसलर सुनील कुमार यादव, कार्यक्रम सहायक विकास सिंह, टीसी निराली प्रजापति सहित बड़ी संख्या में रोवर्स रेंजर्स छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।






