उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

बदलापुर में निजी भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप डीएम-एसपी से लगाई गुहार

जन एक्सप्रेस /जौनपुर: जौनपुर बदलापुर तहसील क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां बेनामा की गई निजी भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगा है। ग्राम बखोपुर निवासी 75 वर्षीय कलावती कृष्णानंद तिवारी ने जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता का कहना है कि उन्होंने विधिवत पंजीकृत विक्रय विलेख के माध्यम से भूमि खरीदी थी, जो राजस्व अभिलेख (खतौनी) में उनके नाम दर्ज है। उसी भूमि पर उनका आवास भी निर्मित है।

आरोप है कि जब वह परिवार सहित रोजगार के सिलसिले में मुंबई में रह रही थीं, उसी दौरान गांव के कुछ दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों ने उनके आवास के सामने स्थित निजी भूमि पर ईंट और गोबर डालकर अवैध अतिक्रमण कर लिया।
पीड़िता के अनुसार, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने भूमि खाली करने से इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी।

महिला का यह भी कहना है कि विरोधी पक्ष प्रशासन को गुमराह कर रहा है और यह दावा कर रहा है कि भूमि विवाद न्यायालय में लंबित है, जबकि संबंधित आराजी संख्या अलग है और उनका भू-भाग पूरी तरह पृथक है।

प्रार्थिनी का कहना है कि उन्होंने एसडीएम बदलापुर, तहसीलदार और लेखपाल को कई बार लिखित शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

इस मामले में गिरिवानंद तिवारी, दयानंद तिवारी और सर्वनंद तिवारी पर आरोप लगाए गए हैं।
पीड़ित महिला ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बेनामा की गई भूमि से तत्काल अवैध अतिक्रमण हटवाया जाए, उन्हें कब्जा दिलाया जाए तथा आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस प्रकरण में क्या कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button