Jaunpur News: ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप

जन एक्सप्रेस/शाहगंज: शाहगंज कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत दिपाईपुर गांव निवासी एक महिला का निजी चिकित्सालय में आपरेशन कर दिये जाने के बाद जान चली गई। मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगा जमकर हंगामा किया। सूचना के बाद एसडीएम कुणाल गौरव सीओ अजीत सिंह चौहान कोतवाल के के सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कार्यवाही के आश्वासन पर परिजन शांत हुए।
दिपाईपुर गांव निवासी 32 वर्षीय रेखा पत्नी यशपाल बिंद की तबियत शुक्रवार को तबियत खराब होने पर सुल्तानपुर रोड स्थित सुरीश गांव स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां से उसे उक्त अस्पताल की दूसरी शाखा बड़ा गांव स्थित अस्पताल भेज दिया गया। भतीजा अजय कुमार का कहना है कि बच्चेदानी का आपरेशन कर जान बचाने की बात कही गई। अजय कुमार का आरोप है कि अप्रशिक्षित चिकित्सकों द्वारा आनन फानन में पांच बजे आपरेशन कर दिया गया। जिसके बाद तबियत बिगड़ने लगी। परिजनों के बार बार बुलाने पर भी डाक्टर ने मरीज नहीं देखा इसी दौरान रात दो बजे रेखा की मौत हो गई।
मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरु कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस व प्रशासन ने किसी तरह मामला शांत कराया। फिलहाल निजी चिकित्सालय स्वामी चिकित्सालय में ताला बंद फरार बताया जाता है। हालांकि एक कर्मचारी को पुलिस ने पूछताछ हेतु कोतवाली लाया गया है।
मृतका रेखा के पति रोजगार के सिलसिले में ओमान रहते हैं। वहीं दोनों को दो पुत्रियां 14 वर्षीय प्रतिक्षा और 10 वर्षीय आराध्या है। मौत के बाद दोनों पुत्रियों के सर से मां का ममता रुपी साया हट गया। परिजनों में कोहराम मचा है।






