महराजगंज: ठूठीबारी–नौतनवा मुख्य मार्ग पर खतरनाक गड्ढा, जलकल विभाग की लापरवाही से बढ़ रहा हादसों का खतरा

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: ठूठीबारी नगर के नौतनवा रोड पर सड़क किनारे बने एक बड़े और खतरनाक गड्ढे ने राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि इस स्थान पर आए दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
बताया जाता है कि ठूठीबारी नौतवना को सड़क पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया तथा मालवाहक वाहन गुजरते हैं। सड़क किनारे बना यह गड्ढा जलकल विभाग की पानी आपूर्ति व्यवस्था से जुड़ा हुआ है।

कस्बे के राघवेंद्र प्रजापति, विप्लव मद्धेशिया, सीताराम रौनियार, साजन कुमार, कमल चौधरी, अनिल मद्धेशिया ने बताया कि सड़क किनारे गड्ढे के ऊपर लगाया गया लोहे का ढक्कन टूट चुका है, जिससे वह बेहद खतरनाक हो गई है। खासकर रात के समय या बारिश के दौरान यह गड्ढा दिखाई नहीं देता, जिससे बाइक और साइकिल सवारों के गिरने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने बताया कि गड्ढे को लेकर संबंधित विभाग को इसकी सूचना दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ऐसे में स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने प्रशासन तथा जलकल विभाग से मांग की है कि टूटे हुए ढक्कन को जल्द से जल्द बदलकर गड्ढे को सुरक्षित किया जाए, ताकि इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को दुर्घटना के खतरे से बचाया जा सके।






