बदलापुर में 5000 विद्यार्थियों को मिली निःशुल्क शिक्षण व खेल सामग्री, सांसद मनोज तिवारी बोले शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण की आधारशिला

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: जौनपुर बदलापुर क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय शाहपुरसानी में शनिवार को 5000 विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षण एवं खेल-कूद सामग्री वितरित करने के लिए भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद एवं अभिनेता मनोज तिवारी, विशिष्ट अतिथि महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, बदलापुर विधायक रमेश चन्द्र मिश्र, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र तथा पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि जौनपुर की पावन धरती से उन्हें विशेष लगाव है और यहां आकर उन्हें अत्यंत हर्ष की अनुभूति होती है। बच्चों की बड़ी संख्या में उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यही बच्चे देश का भविष्य हैं।
जितने अधिक बच्चे शिक्षित होंगे, समाज उतना ही सशक्त और समृद्ध बनेगा। उन्होंने प्रत्येक बच्चे को आवश्यक शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया और पीली नदी के जीर्णोद्धार कार्य की भी सराहना की।
विशिष्ट अतिथि कृपाशंकर सिंह ने कार्यक्रम के भव्य आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि जौनपुर प्रतिभाओं की भूमि है।
उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में चयनित युवाओं, उनके अभिभावकों और गुरुओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की मंशा है कि जो विद्यार्थी प्राथमिक विद्यालयों से पढ़कर ऊंचे पदों पर पहुंचे हैं, वे अपने पुराने विद्यालयों में जाकर छात्रों को अपने अनुभवों से प्रेरित करें।
विधायक रमेश चन्द्र मिश्रा ने कहा कि बदलापुर विधानसभा क्षेत्र में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा लगातार उत्कृष्ट कार्य किए जा रहे हैं। शासन की ओर से बच्चों को बैग, जूते, मोजे और मध्यान्ह भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सामुदायिक सहभागिता के तहत विद्यालय के पुरातन छात्र सतीश तिवारी द्वारा 5000 विद्यार्थियों को शिक्षण व खेल सामग्री उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय पहल है।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने कविता के माध्यम से बच्चों को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और खेल के अवसर प्रदान करना है, ताकि वे आगे चलकर समाज और देश के विकास में योगदान दे सकें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षण सामग्री और खेल-कूद से संबंधित आवश्यक वस्तुएं वितरित की गईं। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख ब्रजेश यादव, रोहित उपाध्याय, खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद पांडेय, अभिनव तिवारी, अवधेश यादव, मंडल अध्यक्ष शनि शुक्ला, सिद्धार्थ सिंह, बबलू चौहान, लवकुश सिंह सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों के प्रति आभार बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ०गोरखनाथ ने व्यक्त किया।






