पुरानी योजनाओं पर फिर फीता कटान! मंत्री कर चुके उद्घाटन, अब वही काम दोबारा कर वाहवाही लूटने का आरोप

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: जौनपुर जनपद में विकास कार्यों के नाम पर पहले से उद्घाटित योजनाओं का दोबारा उद्घाटन किए जाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामला वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल यूनिवर्सिटी परिसर से जुड़ा है, जहां जिन योजनाओं का उद्घाटन पहले ही प्रदेश के कैबिनेट मंत्री व जौनपुर के प्रभारी मंत्री ए०के शर्मा द्वारा किया जा चुका था, उन्हीं योजनाओं का एक बार फिर से फीता काटकर उद्घाटन किया गया।
बताया जा रहा है कि हाल ही में श्रीमती मनोरमा मौर्या,अध्यक्षा जौनपुर नगर पालिका परिषद, द्वारा उन्हीं कार्य योजनाओं का दोबारा उद्घाटन किया गया और इसे विकास कार्यों की उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत किया गया।
इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय लोगों और राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि जिन योजनाओं का उद्घाटन पहले ही मंत्री स्तर से हो चुका है, उनका दोबारा उद्घाटन कराना कहीं न कहीं अपनी उपलब्धि दिखाने और अपनी पीठ थपथपाने की कोशिश नजर आता है।
आलोचकों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से यह सवाल खड़ा होता है कि क्या यह वास्तविक विकास है या फिर जनता को भ्रमित करने की कोशिश। स्थानीय लोगों का मानना है कि अगर योजनाएं पहले ही शुरू हो चुकी थीं, तो उसी कार्य का दोबारा उद्घाटन कर प्रचार करना जनता को गुमराह करने जैसा प्रतीत होता है।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर जनपद में चर्चाओं का दौर जारी है और लोग यह जानना चाहते हैं कि पहले से उद्घाटित योजनाओं का दोबारा उद्घाटन आखिर किस उद्देश्य से किया गया और इससे जनता को क्या वास्तविक लाभ मिलने वाला है।





