Maharajganj: विभिन्न योजनाओं की धीमी प्रगति पर डीएम सख्त, समय पर कार्य पूरा न होने पर कार्रवाई की चेतावनी

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत विभिन्न लेखा शीर्षकों में प्राप्त बजट तथा उसके सापेक्ष अद्यतन व्यय की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी से योजनावार प्रगति की जानकारी प्राप्त की। कई योजनाओं में प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है, इसलिए शेष दिनों में कार्यों की गति तेज की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही 60 प्रतिशत से कम प्रगति वाली योजनाओं पर विशेष ध्यान देकर उनमें सुधार लाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति देयकों, अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों के मृतक कर्मचारियों के देयकों, परिषदीय कर्मचारियों को स्वीकृत एसीपी की अद्यतन स्थिति तथा पेंशन से संबंधित मामलों की भी जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि न्यायालय से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अवमानना नहीं होनी चाहिए। सभी प्रकरणों में समय रहते न्यायालय में जवाब प्रस्तुत करना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही विभाग की विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धी पांडेय, खंड शिक्षा अधिकारीगण सहित शिक्षा विभाग के पटल सहायक उपस्थित रहे।






