उत्तर प्रदेशचित्रकूटराज्य खबरें

चित्रकूट: कामदगिरि परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं से मारपीट और लूट का प्रयास

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट: कामदगिरि परिक्रमा मार्ग पर देर रात श्रद्धालुओं के साथ मारपीट और लूट के प्रयास की घटना सामने आई है। अराजक तत्वों ने परिक्रमा कर रहे एक परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें महिला के कान से जेवर उतारने का प्रयास किया गया और मारपीट में कई लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार बांदा जिले के जमुनीपूर्वा गांव से एक परिवार चित्रकूट में कामदगिरि परिक्रमा करने आया था। परिवार में महिलाएं, तीन बच्चे और एक दिव्यांग श्रद्धालु भी शामिल थे। बताया जा रहा है कि रात करीब 1:45 से 2 बजे के बीच जब परिवार परिक्रमा कर रहा था, तभी लक्ष्मण पहाड़ी के पास कुछ अराजक तत्वों ने उन्हें रोककर मारपीट शुरू कर दी और लूट का प्रयास किया।

हमलावरों ने महिला के कान से जेवर खींचने की कोशिश की, जिससे उसके कान में चोट लग गई। वहीं एक युवक की आंख के पास गंभीर चोट आई है। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड, डंडों और बेल्ट से हमला किया। दिव्यांग श्रद्धालु को भी नहीं बख्शा गया और उसके साथ भी मारपीट की गई।

घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और श्रद्धालुओं को बचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल श्रद्धालुओं को उपचार दिलाने के साथ पुलिस सुरक्षा में उनकी परिक्रमा पूरी करवाई।

पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना के बाद श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button