उत्तर प्रदेशचित्रकूटचित्रकूटराज्य खबरें

चित्रकूट धाम कर्वी स्टेशन पर हॉलिडे होम व एग्जिक्यूटिव लाउंज का हुआ उद्घाटन

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट: मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने शुक्रवार (13 मार्च 2026) को चित्रकूट धाम कर्वी, अतर्रा और बांदा रेलवे स्टेशनों का दौरा कर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

चित्रकूट धाम कर्वी रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक ने हॉलिडे होम और एग्जिक्यूटिव लाउंज का उद्घाटन किया। हॉलिडे होम के माध्यम से रेलकर्मियों को यात्रा के दौरान आरामदायक ठहरने की सुविधा मिलेगी, जबकि एग्जिक्यूटिव लाउंज यात्रियों को आधुनिक और बेहतर प्रतीक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इसके बाद उन्होंने स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था, प्रतीक्षालय, पेयजल सुविधा और अन्य यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान स्वच्छताकर्मियों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना भी की और स्टेशन परिसर को साफ-सुथरा बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद अतर्रा रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, कैटरिंग स्टॉल, शौचालय, स्टेशन मास्टर पैनल रूम और रेलवे सुरक्षा बल कार्यालय का निरीक्षण किया। साथ ही सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष की निगरानी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए यात्रियों की सुरक्षा के लिए सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

मंडल रेल प्रबंधक ने बांदा रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने सहायक चिकित्सा यान की उपलब्धता और तत्परता की समीक्षा करते हुए आपातकालीन स्थितियों में त्वरित राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कैटरिंग स्टॉल, पार्किंग एरिया और प्लेटफॉर्मों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही जीआरपी और आरपीएफ कार्यालय का निरीक्षण कर स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल अभियंता (पूर्व) आयुष श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button