उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर: मछलीशहर में रसोई गैस के लिए हाहाकार, एचपी गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं का भारी हंगामा

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: देशभर में रसोई गैस (LPG) की बढ़ती किल्लत का असर अब ग्रामीण इलाकों में उग्र रूप ले रहा है। जौनपुर जिले के मछलीशहर में घरेलू गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया। जमाखोरी और कालाबाजारी के कारण पैदा हुए इस कृत्रिम संकट ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है।

मछलीशहर स्थित शंकर एचपी गैस एजेंसी पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की भारी भीड़ जमा हो गई। कड़ाके की धूप और घंटों लंबी कतारों में खड़े रहने के बावजूद जब गैस नहीं मिली, तो लोगों का धैर्य जवाब दे गया। सोशल मीडिया पर इस हंगामे और लंबी कतारों का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उपभोक्ता प्रशासन और एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आ रहे हैं।

एस्मा (ESMA) भी बेअसर हैरानी की बात यह है कि सरकार द्वारा आवश्यक सेवा रखरखाव कानून (एस्मा) लागू किए जाने के बावजूद गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी थमने का नाम नहीं ले रही है। आरोप है कि एजेंसी संचालक और बिचौलिए सिलेंडरों की जमाखोरी कर रहे हैं, जिससे बाजार में कृत्रिम कमी पैदा हो गई है।

अफवाहों ने बिगाड़ा खेल गैस संकट को लेकर फैली तरह-तरह की अफवाहों ने भी आग में घी डालने का काम किया है। अचानक मांग बढ़ने से गैस की ऑनलाइन बुकिंग और होम डिलीवरी सिस्टम पूरी तरह चरमरा गया है। मछलीशहर के स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही सप्लाई बहाल नहीं हुई, तो वे सड़क जाम कर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button