:जौनपुरjaunpurउत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जफराबाद के प्राथमिक विद्यालय की बिजली कटी, पानी के लिए भटके बच्चे

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जफराबाद स्थानीय कस्बे में स्थित एक प्राथमिक विद्यालय का बिजली कनेक्शन बिजली विभाग द्वारा काट दिए जाने से सोमवार को विद्यालय में पढ़ने वाले नौनिहालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली न होने के कारण पेयजल की व्यवस्था ठप हो गई और बच्चों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती छाया सिंह ने बताया कि विद्यालय में पहले सामान्य बिजली मीटर लगा हुआ था, जिसे बाद में बदलकर स्मार्ट मीटर लगा दिया गया था। पिछले महीने तक स्मार्ट मीटर सही तरीके से कार्य कर रहा था, लेकिन शनिवार को अचानक बिजली विभाग ने विद्यालय का कनेक्शन काट दिया।

उन्होंने बताया कि जब विभाग से संपर्क कर जानकारी ली गई तो पता चला कि विद्यालय में प्रीपेड मीटर लगा दिया गया है और करीब 19 हजार रुपये के बकाए के चलते कनेक्शन काटा गया है। प्रधानाध्यापिका का आरोप है कि बिजली विभाग ने विद्यालय को सरकारी संस्था के बजाय निजी संस्थान की श्रेणी में दर्शा दिया है, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

सोमवार को विद्यालय में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के बाद बच्चों के सामने पीने के पानी की बड़ी समस्या खड़ी हो गई। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि बच्चों के लिए शिक्षकों को अपने निजी खर्च से आरओ का पानी मंगवाना पड़ा।

विद्यालय परिसर में एक हैंडपंप भी लगा है, लेकिन वह खराब हालत में है और उससे गंदा पानी निकलता है। प्रधानाध्यापिका के अनुसार इसकी शिकायत नगर पंचायत से कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक उसे ठीक नहीं कराया गया है।

पेयजल की समस्या से परेशान बच्चों ने सोमवार को हाथ में थाली लेकर विद्यालय परिसर में प्रदर्शन भी किया और जल्द समाधान की मांग की। विद्यालय प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों से समस्या का तत्काल समाधान कराने की अपील की है, ताकि नौनिहालों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button