उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़राज्य खबरें

डबल मर्डर : माँ बेटे की निर्मम हत्या, घर में मिला दोनों का रक्तरंजित शव

आईजी ने एसपी के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर दिया निर्देश

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़: जिले के अंतू थाना इलाके में माँ और बेटे की धारदार हथियार से हत्या करने का मामला सामने आया है। सोमवार को दोनों का घर में ही दोनों का रक्तरंजित शव मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद आईजी प्रयागराज अजय कुमार मिश्र ने एसपी दीपक भूकर के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर शीघ्र ही दोषियों की गिरफ्तारी के लिए निर्देशित किया है।


मिली जानकारी के अनुसार अंतू थाना इलाके के पाराहमीदपुर गांव निवासी दिनेश मौर्य रोजी-रोटी के सिलसिले में परदेस में रहता है। घर पर उसकी पत्नी व बच्चे रह रहे थे। रविवार रात दिनेश की पत्नी शिवपति मौर्य ( 40 वर्ष ) एवं उसके पुत्र अयान ( 12 वर्ष ) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह जब सटरिंग करने वाला मिस्त्री आया तो उसने आवाज लगाई। जब घर से कोई नहीं निकला तो वह अंदर गया जहां पर मां बेटे का शव देखकर उसके होश उड़ गये और उसने ग्रामीणों को सूचना दी। जिसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद थाना प्रभारी अंतू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस घटना के सम्बंध में आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अन्य पहलुओं पर भी गहनता से छानबीन कर रही है। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया है। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की बेटी ने रो रोकर पड़ोस के ही रहने वाले एक व्यक्ति पर आरोप लगाया है जिससे जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। वहीं घटना की सूचना पर एसपी दीपक भूकर व सीओ सिटी प्रशांत राज भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। सूचना मिलने के बाद सदर विधायक राजेंद्र मौर्य भी मौके पर पहुंचे और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

एसपी ने बताया कि मां बेटे का शव उनके घर से बरामद हुआ है। दोनों के सिर पर चोट के निशान हैं। पुलिस व फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य संकलन करने के साथ ही अन्य पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटना के शीघ्र अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button