जौनपुर: खाकी का ‘स्वैग’ या अनुशासन की धज्जियां? DM दफ्तर में चप्पल और पान के साथ पहुंचे इंस्पेक्टर केके सिंह, वीडियो वायरल

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार जहां एक ओर पुलिस को अनुशासित और जनता के प्रति जवाबदेह बनाने की कोशिशों में जुटी है, वहीं जौनपुर जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने ‘खाकी’ की गरिमा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला जनपद के प्रभारी निरीक्षक लाइन बाजार केके सिंह से जुड़ा है, जिनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर बिजली की तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लाइन बाजार के प्रभारी निरीक्षक केके सिंह बेहद ‘कैजुअल’ और गैर-जिम्मेदाराना अंदाज़ में नजर आ रहे हैं। ताज्जुब की बात यह है कि महोदय किसी सामान्य स्थान पर नहीं, बल्कि जिले के सबसे महत्वपूर्ण कार्यालय— जिलाधिकारी (DM) कार्यालय परिसर में मौजूद थे। वीडियो में उनके पैरों में पुलिस के आधिकारिक जूते नहीं बल्कि साधारण चप्पलें थीं, मुंह में पान दबा हुआ था और वर्दी के बटन खुले हुए थे।
पुलिस मैनुअल को दिखाया ठेंगा!
एक पुलिस अधिकारी के लिए ‘यूनिफॉर्म कोड’ और ‘पुलिस मैनुअल’ का पालन करना अनिवार्य होता है। वर्दी की हर एक बटन और जूतों की चमक अनुशासन का प्रतीक मानी जाती है। लेकिन इंस्पेक्टर केके सिंह के इस रवैये को देखकर ऐसा लगता है कि उन्हें न तो नियमों की जानकारी है और न ही अपने उच्चाधिकारियों का कोई खौफ। जिलाधिकारी कार्यालय, जहां जिले के तमाम बड़े अधिकारी और फरियादी मौजूद रहते हैं, वहां एक जिम्मेदार पद पर तैनात अधिकारी का ऐसा व्यवहार विभाग की छवि धूमिल कर रहा है।
सोशल मीडिया पर जनता का आक्रोश
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर आया, लोगों ने उत्तर प्रदेश पुलिस और जौनपुर प्रशासन को टैग करना शुरू कर दिया। यूजर्स का कहना है कि जब रक्षक ही भक्षक की तरह नियमों को तोड़ेंगे, तो आम जनता से अनुशासन की उम्मीद कैसे की जा सकती है? चर्चा इस बात की भी है कि क्या वर्दी की हनक इतनी बढ़ गई है कि साहब को प्रोटोकॉल की परवाह भी नहीं रही?
कार्रवाई की उठ रही मांग
वीडियो वायरल होने के बाद अब गेंद जिले के कप्तान (SP जौनपुर) के पाले में है। जानकारों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान इस तरह की अनुशासनहीनता गंभीर कदाचार की श्रेणी में आती है। क्या विभाग अपने इस ‘लापरवाह’ अधिकारी पर कोई सख्त कार्रवाई करेगा या मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा? यह देखना दिलचस्प होगा।






