जौनपुर: गोली चूकी तो तमंचे की मुठिया से हमला, युवक गंभीर, इलाके में दहशत

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जनपद जौनपुर के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। दुधौरा चौराहे के पास एक युवक को निशाना बनाते हुए बदमाश ने फायरिंग कर दी।
हालांकि, गोली अपने लक्ष्य से चूक गई, लेकिन हमलावर यहीं नहीं रुका। उसने तमंचे की मुठिया से युवक के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल की पहचान समोधीपुर गांव निवासी 45 वर्षीय लक्ष्मीशंकर यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही गौराबादशाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में मामले के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है।
पुलिस आरोपित की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।






